सुरेश राणा के जनता दर्शन दरबार में पहुंचे फरियादी, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।
थानाभवन।- क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने थानाभवन स्थित गेस्ट हाउस पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुरेश राणा ने लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व और पुलिस समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। इसके अलावा व्यक्तिगत समस्याओं और जनहित से जुड़े मामलों को भी सुरेश राणा के समक्ष रखा गया। उन्होंने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और नियमानुसार समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
सुरेश राणा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

