
श्रवण पंडित
देवरिया
– यूपी के देवरिया जिले के रुद्रपुर में सड़क किनारे महिला का शव फेंककर फरार होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गोरखपुर के एक निजी स्कूल के प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मृतका उसी के स्कूल में शिक्षिका थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। महिला लगातार शादी करने की जिद पर अड़ी थी, जिससे छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने चलती कार में गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नही आरोपी शव को कार की डिग्गी में रखकर पूरे दिन घूमता रहा और रात के अंधेरे में रुद्रपुर इलाके में फेंककर भाग निकला।
घटना 31 अक्टूबर की रात की है। रुद्रपुर थाना क्षेत्र स्थित श्री नेत्र ग्लोबल स्कूल के पास एक वैगनार कार से महिला का शव फेंके जाने की सूचना पर हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिजित आर. शंकर ने फौरन मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और खुलासे के लिए कई टीमें गठित कीं। मृतका की शिनाख्त गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र स्थित कन्हौली हरैया निवासी रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई। मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने कड़ियां जोड़ना शुरू किया।
पूछताछ में सामने आया कि 31 अक्टूबर की सुबह रानी स्कूल पहुंची और दो बच्चों के पिता विजय निषाद पर शादी का दबाव बनाने लगी। विवाद बढ़ने पर विजय उसे अपनी वैगनार कार में बैठाकर मिठाबेल गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने कार की बीच वाली सीट पर रानी का गला दबाकर जान ले ली। इसके बाद उसने शव को कार की डिग्गी में छिपा दिया। शातिर आरोपी पूरे दिन शव को डिग्गी में लेकर चौरीचौरा और आसपास की सड़कों पर बेखौफ घूमता रहा।रास्ते में सबूत मिटाने के इरादे से आरोपी ने मृतका का फोन तोड़कर उसका कवर और एटीएम कार्ड फेंक दिया। अंधेरा घिरते ही उसने शव को रुद्रपुर में स्कूल के पास ठिकाने लगाया और भाग निकला।सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को निबही मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वैगनार कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

